वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही में केपीआई ग्रीन एनर्जी के मुनाफे में 24 प्रतिशत की आई गिरावट
Source : business.khaskhabar.com | Nov 13, 2026 | 

मुंबई । भारतीय अक्षय ऊर्जा कंपनी केपीआई ग्रीन एनर्जी लिमिटेड के चालू वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में शुद्ध मुनाफे में 24 प्रतिशत से अधिक की गिरावट दर्ज की गई है।
सूरत मुख्यालय वाली कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि वित्त वर्ष 2026-27 की जुलाई-सितंबर तिमाही में उसका समेकित शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 24.4 प्रतिशत घटकर 82.4 करोड़ रुपए रह गया। पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही यानी वित्त वर्ष 2026 की दूसरी तिमाही में कंपनी का शुद्ध मुनाफा 109 करोड़ रुपए था।
हालांकि, कंपनी की परिचालन आय और ईबीआईटीडीए में बढ़ोतरी दर्ज की गई। दूसरी तिमाही में ईबीआईटीडीए 19.1 प्रतिशत बढ़कर 269 करोड़ रुपए हो गया, जो पिछले साल की समान अवधि में 226 करोड़ रुपए था।
कंपनी का राजस्व भी सालाना आधार पर 14.7 प्रतिशत बढ़कर 727 करोड़ रुपए हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में 634 करोड़ रुपए था।
कंपनी की नियामकीय जानकारी के अनुसार, दूसरी तिमाही में ईबीआईटीडीए मार्जिन भी बढ़ा है। यह पिछले साल की समान अवधि के 35.6 प्रतिशत से बढ़कर 36.9 प्रतिशत हो गया।
शुक्रवार के कारोबारी सत्र में केपीआई ग्रीन एनर्जी के शेयर 3.17 प्रतिशत गिरकर 321 रुपए पर बंद हुए। हालांकि शुरुआती कारोबार में यह 331 रुपए पर खुला। पिछले एक हफ्ते में कंपनी के शेयर ने 6.49 प्रतिशत यानी 19.55 रुपए का सकारात्मक रिटर्न दिया है।
वहीं, पिछले एक महीने में केपीआई ग्रीन एनर्जी का शेयर 1.76 प्रतिशत, छह महीने में 26.26 प्रतिशत और पिछले एक साल में 32 प्रतिशत गिरा है।
केपीआई ग्रीन एनर्जी, केपी ग्रुप की अक्षय ऊर्जा इकाई है। केपी ग्रुप की स्थापना 2008 में हुई थी और इसका मुख्यालय गुजरात के सूरत में है। समूह की स्थापना डॉ. फारुक जी. पटेल ने की थी। केपीआई ग्रीन एनर्जी के शेयर बीएसई और एनएसई दोनों पर लिस्ट हैं।
कंपनी सौर, पवन और हाइब्रिड बिजली परियोजनाओं का विकास, निर्माण, स्वामित्व और संचालन करती है। कंपनी अपनी परियोजनाओं से पैदा होने वाली बिजली को लंबी अवधि के पावर परचेज एग्रीमेंट (पीपीए) और ओपेन मार्केट के माध्यम से बेचती है। कंपनी का प्रमुख ब्रांड 'सोलरिज्म' है।
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, कंपनी गुजरात में बड़े पैमाने पर अक्षय ऊर्जा परियोजनाएं संचालित करती है। इनमें भरूच, खावड़ा, जरसाड, सूडी और भुंगर जैसे क्षेत्र शामिल हैं।
इसके अलावा, कंपनी ने हाल के समय में पवन और सौर ऊर्जा परियोजनाओं के विस्तार और अधिग्रहण के जरिए अपने अक्षय ऊर्जा कारोबार को भी बढ़ाया है।
--आईएएनएस
[@ घर के कई वास्तु दोष दूर करती है तुलसी ]
[@ सावधान! मोटापे से पेट के कैंसर का खतरा]
[@ कुंडली का ये भाव बताता है आप ‘अमीर’ है या ‘गरीब’]