businesskhaskhabar.com

Business News

Home >> Business

बाजार से उतर गया मोदी का जादू!

Source : business.khaskhabar.com | Sep 07, 2015 | businesskhaskhabar.com Business News Rss Feeds
 markets feel, modi magic has vanishedमुंबई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में करीब डेढ़ साल पहले राजग सरकार बनने के समय बाजार जहां से चला था, सोमवार को गिरते हुए वापस वहीं पहुंच गया। तो क्या मान लिया जाए कि बाजार से मोदी जादू उतर गया है। देश के शेयर बाजारों में सोमवार को गिरावट रही। प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 308.09 अंकों की गिरावट के साथ 24,893.81 पर और निफ्टी 96.25 अंकों की गिरावट के साथ 7,558.80 पर बंद हुआ है। सेंसेक्स सुबह 101.08 अंकों की तेजी के साथ 25,302.98 पर खुला और 308.09 अंकों या 1.22 फीसदी गिरावट के साथ 24,893.81 पर बंद हुआ।

दिनभर के कारोबार में सेंसेक्स ने 25,387.32 के ऊपरी और 24,851.77 के निचले स्तर को छुआ। सेंसेक्स के 30 में से चार शेयरों -एचडीएफसी (0.64 फीसदी), टाटा मोटर्स (0.23 फीसदी), ओएनजीसी (0.18 फीसदी) और मारूति (0.07 फीसदी)- में तेजी रही। निफ्टी 30.80 अंकों की तेजी के साथ 7,685.85 पर खुला और 96.25 अंकों या 1.26 फीसदी गिरावट के साथ 7,558.80 पर बंद हुआ। दिनभर के कारोबार में निफ्टी ने 7,705.05 के ऊपरी और 7,545.90 के निचले स्तर को छुआ। उल्लेखनीय है कि 16 मई, 2014 को आम चुनाव के परिणाम घोषित होने के बाद मोदी गुजरात से सात रेसकोर्स पहुंच गए और इसके साथ ही शेयर बाजारों में अभूतपूर्व तेजी का सिलसिला देखने को मिला था। उस दिन सेंसेक्स 25,375 के ऊपरी स्तर को छूने के बाद 24,121 पर बंद हुआ था। निफ्टी भी 7,563 का ऊपरी स्तर छूने के बाद 7,203 पर बंद हुआ था।

 फिलहाल यह तो नहीं कहा जा सकता है कि मोदी सरकार बनने के बाद बाजार में आया उत्साह खत्म हो चुका है, लेकिन इतना जरूर कहा जा सकता है कि अच्छे समय में भी बाजार गिर सकता है और बाजार में आई तेजी स्थायी नहीं रहती है। चीन के बाजार में सुस्ती, मानसूनी बारिश के उम्मीद से कम रहने और रूपये में गिरावट जैसे कारणों से सोमवार को बाजार में गिरावट रही। अमेरिका में फेडरल रिजर्व द्वारा दर बढ़ाने की संभावना भी बाजार पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रही है। जियोजीत बीएनपी पारिबा फाइनेंशियल सर्विसिस के रिसर्च प्रमुख एलेक्स मैथ्यूज ने कहा,बाजार में तेजी लाने वाला कोई नया कारण मौजूद नहीं है। मैथ्यूज ने कहा कि चीन की विकास दर के अनुमान को घटाने के बाद पूरे एशिया के बाजार में गिरवट देखी जा रही है। सोमवार को हैंगसैंग में 1.23 फीसदी गिरावट रही। चीन के शंघाई कंपोजिट इंडेक्स में 2.55 फीसदी गिरावट रही।

जापान का निक्के ई हालांकि 0.38 फीसदी तेजी के साथ बंद हुआ। रूपये में गिरावट ने भी भारतीय शेयर बाजारों की गिरावट में भूमिका निभाई। रूपये सोमवार को डॉलर के मुकाबले 40 पैसे कमजोर होकर 66.86 पर बंद हुआ। इससे पहले रूपये ने चार सितंबर, 2013 को 66.80 के स्तर को पार किया था। मानसूनी बारिश कम रहने का भी निवेशकों पर प्रतिकूल असर प़डा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने दीर्घावधि औसत के मुकाबले मानसूनी बारिश के अनुमान को 88 फीसदी से घटाकर 81 फीसदी कर दिया है। मानसूनी बारिश कम रहने से भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा दर कटौती की संभावना पर भी नकारात्मक असर पडा है। एंजल ब्रोकिंग के रिसर्च उपाध्यक्ष वैभव अग्रवाल ने आईएएनएस से कहा,तेजी के साथ खुलने के बाद भी रूपये में गिरावट और मानसूनी बारिश का अनुमान घटाए जाने से निफ्टी में करीब 1.26 फीसदी गिरावट रही।
(IANS)

Warning: PHP Startup: Unable to load dynamic library '/opt/cpanel/ea-php54/root/usr/lib64/php/modules/xsl.so' - /lib64/libxslt.so.1: symbol xmlGenericErrorContext, version LIBXML2_2.4.30 not defined in file libxml2.so.2 with link time reference in Unknown on line 0