businesskhaskhabar.com

Business News

Home >> Business

इक्विटी म्यूचुअल फंड्स का एयूएम एक दशक में 7.7 गुना बढ़ा, उद्योग की कुल वृद्धि से भी आगे रहा

Source : business.khaskhabar.com | Nov 19, 2026 | businesskhaskhabar.com Market News Rss Feeds
 aum of equity mutual funds grew 77 times in a decade outpacing overall industry growth 861935

खास खबर। नई दिल्ली 

इक्विटी आधारित म्यूचुअल फंड्स निवेश ने पिछले एक दशक में भारत के म्यूचुअल फंड उद्योग की कुल वृद्धि को काफी पीछे छोड़ दिया है। म्यूचुअल फंड उद्योग की एसेट अंडर मैनेजमेंट (एयूएम) में 5.1 गुना वृद्धि हुई। वहीं इक्विटी और इक्विटी लिंक्ड सेविंग स्कीम (ईएलएसएस) की संपत्ति इस दौरान 7.7 गुना बढ़ गई। 

यह जानकारी गुरुवार को जारी रिपोर्ट में दी गई। आईसीआरए एनालिटिक्स की रिपोर्ट के अनुसार, म्यूचुअल फंड की प्रबंधन के तहत संपत्ति (एयूएम) अक्टूबर 2016 के 16.29 लाख करोड़ रुपए से बढ़कर अक्टूबर 2026 में 83.39 लाख करोड़ रुपए हो गई। वहीं, इक्विटी और इक्विटी लिंक्ड सेविंग स्कीम (ईएलएसएस) की संपत्ति एक दशक पहले के 4.85 लाख करोड़ रुपए से बढ़कर 37.18 लाख करोड़ रुपए पर पहुंच गई। 

इक्विटी संपत्ति में तेज वृद्धि के कारण कुल उद्योग एयूएम में इसकी हिस्सेदारी अक्टूबर 2016 के 29.8 प्रतिशत से बढ़कर अक्टूबर 2026 में 44.6 प्रतिशत हो गई। इस दशक के दौरान जहां पूरे उद्योग के एयूएम में चक्रवृद्धि वार्षिक वृद्धि दर (सीएजीआर) 17.7 प्रतिशत रही, वहीं इक्विटी और ईएलएसएस एयूएम में 22.6 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। 

रिपोर्ट में कहा गया है कि उद्योग के कुल एयूएम में इक्विटी की हिस्सेदारी अक्टूबर 2018 के 33.4 प्रतिशत से घटकर अक्टूबर 2020 में 28.5 प्रतिशत रह गई थी। हालांकि, इसके बाद इसमें लगातार सुधार हुआ और अक्टूबर 2023 तक यह 40 प्रतिशत के पार पहुंच गई। इक्विटी श्रेणी के भीतर अक्टूबर 2019 से अक्टूबर 2026 के बीच सात वर्षों की अवधि में स्मॉल कैप और सेक्टोरल या थीमैटिक फंड में सबसे तेज वृद्धि दर्ज की गई। स्मॉल कैप फंड का एयूएम 37.3 प्रतिशत की सीएजीआर से 9.2 गुना बढ़ा, जबकि सेक्टोरल या थीमैटिक फंड में 35.3 प्रतिशत की सीएजीआर से 8.3 गुना वृद्धि हुई। 

रिपोर्ट के अनुसार, लार्ज एंड मिड कैप और मिड कैप फंड ने भी क्रमशः 30.2 प्रतिशत और 29.6 प्रतिशत की मजबूत सीएजीआर दर्ज की। वहीं, लार्ज कैप, ईएलएसएस और मल्टी कैप फंड की सीएजीआर क्रमशः 14.8 प्रतिशत, 12.9 प्रतिशत और 7.1 प्रतिशत रही। फ्लेक्सी कैप फंड में अक्टूबर 2021 से अक्टूबर 2026 के बीच 22 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। 

आईसीआरए एनालिटिक्स के वरिष्ठ उपाध्यक्ष और मार्केट डेटा प्रमुख अश्विनी कुमार ने कहा कि म्यूचुअल फंड फोलियो की संख्या में वृद्धि से संकेत मिलता है कि निवेश की विभिन्न श्रेणियों में लोगों की भागीदारी बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि एयूएम में वृद्धि केवल नए निवेश के प्रवाह को ही नहीं, बल्कि बाजार में निवेश के मूल्य में बढ़ोतरी को भी दर्शाती है। हालांकि, एक दशक का रुझान भारत के पूंजी बाजारों में लोगों की बढ़ती भागीदारी की ओर इशारा करता है। -आईएएनएस

[@ एलियंस को ढूंढेगा यह टेलीस्कोप!]


[@ इन बातों का रखें ध्यान, भरे रहेंगे धन के भंडार]


[@ सेल्फ़ी का ऎसा पागलपन देख दंग रह जाएंगे...]


Headlines


Warning: PHP Startup: Unable to load dynamic library '/opt/cpanel/ea-php54/root/usr/lib64/php/modules/xsl.so' - /lib64/libxslt.so.1: symbol xmlGenericErrorContext, version LIBXML2_2.4.30 not defined in file libxml2.so.2 with link time reference in Unknown on line 0