सॉफ्टबैंक प्रेजीडेंट निकेश अरोडा का इस्तीफा
Source : business.khaskhabar.com | Jun 21, 2016 | 

नई दिल्ली। सॉफ्ट बैंक के प्रेसीडेंट और सीओओ निकेश अरोडा ने इस्तीफा दे
दिया है। अरोडा ने मई 2015 में सॉफ्ट बैंक के प्रेसीडेंट पद की जिम्मेदारी
संभाली थी। कंपनी ने भी अरोडा के इस्तीफे की पुष्टि कर दी है।
यह ध्यान रखने वाली बात है कि सॉफ्टबैंक ने भारत में स्त्रैपडील, ओला, ओयो
रूम्स एंड हाउसिंग में निवेश किया है। ऎसे में निकेश के इस्तीफे को
स्टार्टअप इंडिया के लिए झटका माना जा रहा है।
कंपनी से क्लीन चिट मिलने के बाद 48 वर्षीय अरोडा ने एक ट्वीट में कहा कि
यह आगे बढने का सही समय है। निकेश 2014 में गूगल से इस्तीफा देकर सॉफ्ट
बैंक से जुडे थे। तब वे गूगल में वरिष्ठ उपाध्यक्ष के रूप में कार्यरत थे।
निकेश ने अपने ट्वीट में कहा कि मासायोशी अगले 5-10 साल कंपनी के सीईओ बने
रहेंगे। मैंने उनसे बहुत कुछ सीखा है। मासायोशी की प्रशंसा करते हुए अरोडा
ने एक अन्य ट्वीट में कहा कि जब भी उन्हें मेरी जरूरत होगी मैं उपलब्ध
रहूंगा।
गौरतलब है कि निकेश अरोडा को पिछले वित्त वर्ष 2015-16 में करीब 500 करोड
रूपए (7.3 करोड डॉलर) का सैलेरी पैकेज मिला था। यह जापान में किसी
एक्जीक्यूटिव को दिया गया सबसे अधिक वेतन था। दूसरी ओर निवेशकों ने निकेश
के वेतन पर सवाल उठाया था। उनका मानना था कि निकेश के सॉफ्टबैंक से जुडने
से कंपनी को कोई फायदा नहीं हुआ। हालांकि कंपनी प्रबंधन ने उस समय निकेश का
समर्थन किया था। बाद में उन्हें क्लीनचिट भी दे दी गई थी।