भारत-फिनलैंड के बीच 2032 तक दोगुना हो सकता है व्यापार : राजदूत
Source : business.khaskhabar.com | Feb 02, 2026 | 

नई दिल्ली । भारत और फिनलैंड के बीच व्यापार 2032 तक दोगुना होकर 6 अरब यूरो तक पहुंच सकता है, जो कि मौजूदा समय में 3 अरब यूरो पर है। यह जानकारी भारत में फिनलैंड के राजदूत किम्मो लाहदेविरता की ओर से सोमवार को दी गई।
समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए राजदूत लाहदेविरता ने कहा कि भारत-यूरोपीय संघ (ईयू) मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) ऐतिहासिक रहा है और भारत या फिर ईयू दोनों की ओर से किया गया यह अब तक का सबसे बड़ा व्यापार समझौता है।
उन्होंने आगे कहा कि भारत और फिनलैंड में मौजूदा समय में व्यापार 3 अरब यूरो का है। एफटीए के लागू होने के बाद, हमारा उद्देश्य इसे 2032 तक दोगुना करने की है।
लाहदेविरता ने कहा कि यह समझौता दोनों पक्षों के लिए महत्वपूर्ण और लाभकारी है और यह ऐसे समय में हुआ है जब वैश्विक साझेदारियों को मजबूत करना अत्यंत महत्वपूर्ण हो गया है।
राजदूत ने कहा कि एफटीए पर बातचीत का सफल समापन यूरोपीय संघ-भारत संबंधों में एक नए चरण की शुरुआत है।
लाहदेविरता के मुताबिक, यह समझौता न सिर्फ आर्थिक संबंधों को मजबूत करेगा, बल्कि राजनीति संबंधों को भी नए आयाम देगा।
उन्होंने आगे कहा कि मुक्त व्यापार समझौता व्यवसायों के लिए अधिक पूर्वानुमानित और खुला ढांचा तैयार करेगा, जिससे दोनों देशों की कंपनियों को एक-दूसरे के बाजारों में अपनी उपस्थिति बढ़ाने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।
लाहदेविरता ने कहा कि इससे टेक्नोलॉजी, सर्विसेज, मैन्युफैक्चरिंग और इनोवेशन जैसे क्षेत्रों में नए अवसर खुलेंगे। साथ ही इससे आने वाले वर्षों में व्यापार और निवेश में महत्वपूर्ण वृद्धि की उम्मीद है।
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि मजबूत आर्थिक संबंध व्यापक यूरोपीय संघ-भारत ढांचे के तहत फिनलैंड और भारत के बीच दीर्घकालिक साझेदारी को और मजबूत करेंगे।
भारत और ईयू के बीच व्यापार समझौते का ऐलान 27 जनवरी को हुआ था। इसे दोनों पक्षों की ओर से 'मदर ऑफ ऑल ट्रेड डील' कहा गया है।
--आईएएनएस
[@ कुंडली का ये भाव बताता है आप ‘अमीर’ है या ‘गरीब’]
[@ आज के दिन अमिताभ बच्चन को मिला था दूसरा जन्म]
[@ सेल्फ़ी का ऎसा पागलपन देख दंग रह जाएंगे...]