businesskhaskhabar.com

Business News

Home >> Business

FSSAI की कार्रवाई: खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर दिल्ली के फाइव स्टार होटल अंदाज और जेडब्ल्यू मैरियट को नोटिस

Source : business.khaskhabar.com | Aug 26, 2026 | businesskhaskhabar.com Business News Rss Feeds
 fssai action notices issued to delhi five star hotels andaz and jw marriott for violating food safety norms 839776

बिजनेस डेस्क। नई दिल्ली 

भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन को लेकर दिल्ली के दो प्रमुख पांच सितारा (5-स्टार) होटलों जुनिपर होटल्स प्राइवेट लिमिटेड (अंदाज, एरोसिटी) और जेडब्ल्यू मैरियट के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। निरीक्षण के दौरान दोनों प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा, स्वच्छता, भंडारण और लाइसेंसिंग से जुड़ी कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, जिसके बाद एफएसएसएआई ने नोटिस जारी किया है। प्राधिकरण ने नियामकीय जांच के लिए कई खाद्य उत्पादों के नमूने भी एकत्र किए हैं और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। 

एफएसएसएआई द्वारा जुनिपर होटल्स प्राइवेट लिमिटेड संचालित अंदाज दिल्ली में किए गए निरीक्षण के दौरान लगभग 87 किलोग्राम एक्सपायर्ड मिठाइयां बरामद हुईं। इसके अलावा एक्सपायर्ड केक बेस और ब्रेड पैकेट भी पाए गए। निरीक्षण टीम ने इन खाद्य पदार्थों को मौके पर ही नष्ट करवा दिया। 

जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने पाया कि शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थों के लिए उपयोग किए जाने वाले कटिंग बोर्ड एक ही पानी के कंटेनर में रखे गए थे। इतना ही नहीं, रूम-डाइनिंग किचन में शाकाहारी भोजन तैयार करने के लिए निर्धारित बर्नर का उपयोग मांसाहारी भोजन बनाने में किया जा रहा था, जिससे क्रॉस-कंटैमिनेशन का गंभीर खतरा पैदा हो रहा था। 

निरीक्षण के दौरान होटल परिसर में फ्रीजर के आसपास सक्रिय कॉकरोच, मक्खियां, मच्छर और मकड़ी के जाले पाए गए। इसके अलावा खाद्य पदार्थों के भंडारण, तापमान नियंत्रण और खाद्य हैंडलर्स की व्यक्तिगत स्वच्छता में भी गंभीर कमियां दर्ज की गईं। जांच टीम ने ब्रेड पैकेजिंग पर दोबारा तारीख अंकित किए जाने (डुप्लीकेट डेट मार्किंग) और सप्लायर सत्यापन प्रक्रिया में भी खामियां पाईं। 


एफएसएसएआई ने होटल प्रबंधन को तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने और प्रमाण सहित अनुपालन रिपोर्ट जमा करने का निर्देश दिया है। इसके अलावा, एफएसएसएआई ने जेडब्ल्यू मैरियट के खिलाफ भी नोटिस जारी किया है। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि होटल बिना आवश्यक अनुमोदन के रिटेल और री-लेबलर गतिविधियां संचालित कर रहा था और जेडब्ल्यू मैरियट ब्रांड नाम से खाद्य उत्पादों की बिक्री की जा रही थी। 

प्री-पैकेज्ड खाद्य उत्पादों पर लेबलिंग संबंधी कई कमियां भी सामने आईं। कुछ उत्पादों पर एफएसएसएआई लाइसेंस नंबर गलत छपे हुए थे, जबकि कई उत्पादों पर निर्माता का पूरा पता दर्ज नहीं था। निरीक्षण टीम ने यह भी पाया कि होटल परिसर में एफएसएसएआई लाइसेंस को प्रमुख स्थान पर प्रदर्शित नहीं किया गया था। 

निरीक्षण के दौरान पनीर, खोया, चना मसाला और मिर्च जैसे खाद्य पदार्थों से जुड़े आवश्यक लाइसेंस और अनुमोदन दस्तावेज उपलब्ध नहीं पाए गए। इससे खाद्य उत्पादों की ट्रेसबिलिटी और गुणवत्ता निगरानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। अधिकारियों ने कई स्थानों पर खराब और फफूंद लगे खाद्य पदार्थ पाए। 

जांच में सेबों पर फंगस, सड़े हुए टमाटर, खुले में रखा भोजन और क्षतिग्रस्त स्टोरेज कंटेनर मिले। इसके अलावा शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थों के पृथक्करण में भी गंभीर कमियां पाई गईं। कटी हुई सब्जियों और अन्य खाद्य सामग्री को निर्धारित तापमान और भंडारण मानकों के अनुरूप नहीं रखा जा रहा था, जिससे खाद्य गुणवत्ता प्रभावित होने का खतरा था इसके अलावा चीनी, भारतीय, इटैलियन और बेकरी किचनों समेत विभिन्न खाद्य तैयारी क्षेत्रों में कीट संक्रमण, खराब साफ-सफाई, बंद पड़े एग्जॉस्ट सिस्टम, खाद्य पदार्थों की गलत पहचान और अनुचित भंडारण जैसी कमियां दर्ज की गईं। 

वाटर बॉटलिंग एरिया, ड्राई स्टोर, कॉफी शॉप और वेजिटेबल प्रिपरेशन सेक्शन में भी कई अनियमितताएं पाई गईं। पीने के पानी के स्टोरेज टैंक में जंग, आयातित खाद्य उत्पादों की लेबलिंग में खामियां, फ्रूट फ्लाई का संक्रमण और खराब स्वच्छता व्यवस्था भी निरीक्षण में सामने आई। 

एफएसएसएआई ने दोनों प्रतिष्ठानों से कई खाद्य उत्पादों के नमूने परीक्षण के लिए लिए हैं, जिनमें घी, वेजिटेबल मेयोनेज, क्रीमी कोकोनट मिल्क पाउडर, शहद, मसूर दाल, टमाटर सॉस, ऑरेंज मार्मलेड, कोकोनट कुकीज़, पनीर, खोया, अंगूरी रसमलाई, सोंठ चटनी, पेयजल और रेड वेलवेट स्पॉन्ज जैसे उत्पाद शामिल हैं। 

गौरतलब है कि हाल के महीनों में एफएसएसएआई ने खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के खिलाफ अभियान तेज किया है। प्राधिकरण पहले ही 150 से अधिक खाद्य एवं पेय कंपनियों को भ्रामक विज्ञापन, गलत दावों और लेबलिंग उल्लंघनों के लिए नोटिस जारी कर चुका है। इसके अलावा केएफसी, मैकडॉनल्ड्स, पिज्जा हट, डोमिनोज और कोस्टा कॉफी समेत कई बड़े फूड सर्विस ब्रांडों को भी नोटिस दिए गए हैं। 

एफएसएसएआई ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। निरीक्षण में पाई गई कमियों के आधार पर दोनों होटलों के खिलाफ आगे की नियामकीय कार्रवाई जांच रिपोर्ट और अनुपालन स्थिति के अनुसार की जाएगी। -आईएएनएस

[@ हरिद्वार में है भटके हुए देवता का मंदिर]


[@ ऑडी से भी महंगी है ये भैंस, देती है 29 लीटर दूध]


[@ यहां लगता है साढे तीन साल का सूर्यग्रहण!]



Warning: PHP Startup: Unable to load dynamic library '/opt/cpanel/ea-php54/root/usr/lib64/php/modules/xsl.so' - /lib64/libxslt.so.1: symbol xmlGenericErrorContext, version LIBXML2_2.4.30 not defined in file libxml2.so.2 with link time reference in Unknown on line 0