अरहर दाल के भावों में तेजी, 10 दिन में 25 रुपए प्रति किलो की बढ़ोतरी
Source : business.khaskhabar.com | Feb 03, 2026 | 
-इस साल देश में 37 लाख टन उत्पादन के आसार, गत वर्ष 55 लाख टन
जयपुर। उपलब्धता कम होने से इन दिनों अरहर दाल के भावों में जोरदार तेजी देखी जा रही है। करीब दस दिन के अंतराल में अरहर दाल 25 रुपए प्रति किलो महंगी हो गई है। जयपुर मंडी में अरहर दाल 120 से 130 रुपए प्रति किलो थोक में बिकने लगी है। सागर ब्रांड दालों के निर्माता सागर एंटरप्राइजेज के सौरभ जैन ने बताया कि बेमौसम बारिश होने से कर्नाटक एवं मध्य प्रदेश में फसल को काफी नुकसान हुआ है। दूसरी ओर कर्नाटक सरकार एमएसपी पर अरहर की अच्छी मात्रा में खरीद कर चुकी है। सौरभ ने कहा कि आयात महंगा होने तथा आने वाली फसल अनुमान से कम उतरने से अरहर दाल में फिलहाल मंदी के आसार नहीं हैं। बता दें अरहर की फसल खरीफ सीजन में महाराष्ट्र एवं कर्नाटक में तथा रबी की फसल मध्य प्रदेश, झारखंड एवं उत्तर प्रदेश में आती है। इस बार रबी एवं खरीफ दोनों ही फसल करीब 37 लाख टन होने का अनुमान है, जबकि पिछले साल 55 लाख टन अरहर की पैदावार हुई थी। अरहर उत्पादन में बढ़ोतरी या विस्तार के प्रयास के तहत सरकार एमएसपी की समीक्षा और उत्पादन बढ़ाने की योजनाओं पर काम कर रही है। शोध में नई किस्मों के विकास का प्रयास भी हो रहा है। जैसे तेज पकने वाली किस्में, जो भविष्य में फसल चक्र को बदल सकती हैं और उत्पादन बढ़ा सकती हैं । गौरतलब है कि अरहर की फसल को ज्यादा पानी नुकसानदायक होता है। जबकि इस बार महाराष्ट्र एवं कर्नाटक में खेतों में पानी ठहर गया था। रिटेल में अरहर दाल के भाव वर्तमान में ब्रांड वाइज 130 से 150 रुपए प्रति किलो तक बोले जा रहे हैं।
[@ इस आश्रम में 43 वर्षो से जल रही अखंड अग्नि]
[@ कछुआ से लाए घर में ढेर सारी सुख और समृद्धि]
[@ फिल्म इंडस्ट्री में सेक्स रैकेट का धंधा पांव पसारता जा रहा है,फंसी ये 11 एक्ट्रेस]