देशी घी और मिल्क पाउडर के भाव में तेजी के संकेत, व्यापारियों में नई हलचल
Source : business.khaskhabar.com | Apr 10, 2026 | 
जयपुर। देशी घी एवं मिल्क पाउडर की कीमतों में फिलहाल मंदी समाप्त हो गई है। मध्य अप्रैल से सावों की डिमांड शुरू हो जाएगी। इसके चलते ब्रांडेड देशी घी के भाव और उछल सकते हैं। ऐसे कयास व्यापारिक क्षेत्रों में लगाए जा रहे हैं। अमेरिका इजरायल एवं ईरान में युद्ध चलने से देशी घी एवं मिल्क पाउडर के व्यापार पर प्रतिकूल प्रभाव जरूर देखा जा रहा है। अलबत्ता शिपमेंट वाले कंटेनर अब चारों तरफ निकल चुके हैं। उन पर काफी पैनल्टी भी लगी थी। इस बीच मंदी को देखते हुए कारोबारी एवं इंडस्ट्रीज वाले दोनों ही अपना काफी माल काट चुके हैं। राजधानी मंडी कूकरखेड़ा स्थित प्रमुख कारोबारी रामनिवास मूंदड़ा ने बताया कि युद्ध के दौरान देशी घी एवं दूध पाउडर सहित विभिन्न ट्रेडर्स अपना धैर्य खो चुके हैं। इसी वजह से काफी स्टॉक का घी एवं पाउडर औने-पौने भाव पर कट चुका है। आपको बता दें व्यापारियों में दहशत थी कि निर्यात अभी नहीं होगा। क्योंकि बटर एवं बटर ऑयल के कंटेनर समुद्री मार्ग में फंसे हुए थे। अब रुके हुए कंटेनर निकल चुके हैं तथा नए सौदे उक्त सभी डेयरी उत्पादों के होने लगे हैं। इस बीच उत्तर भारत के प्लांटों में वर्तमान में दूध की आपूर्ति में कुछ कमी आने के समाचार मिले हैं। मूंदड़ा ने कहा कि 15 अप्रैल से शादियों की डिमांड बढ़ जाएगी। मौसम गर्म होते ही किसान भी कटाई में लग जाएगा। परिणामस्वरूप लिक्विड् दूध की आपूर्ति आगे चलकर कम हो जाएगी। इन परिस्थितियों को देखते हुए देशी घी, दूध पाउडर एवं बटर में घटने की गुंजाइश नहीं है।
[@ खुलासा! गुप्त यूएफओ में दर्ज है ब्रिटेन में आए थे एलियन]
[@ गर्म पानी पीने के 8 कमाल के लाभ]
[@ अमिताभ बच्चन ने दी थी अनिल कपूर को यह सलाह, कहा था...]