businesskhaskhabar.com

Business News

Home >> Business

ईरान-इजरायल युद्ध के चलते कीमती धातुओं में बड़ी उछाल, सोना 1 प्रतिशत उछला तो चांदी में 2.5 प्रतिशत की तेजी

Source : business.khaskhabar.com | Mar 04, 2026 | businesskhaskhabar.com Commodity News Rss Feeds
 precious metals surged due to the iran israel war with gold jumping 1 percent and silver rising 25 percent 795987मुंबई । पश्चिम एशिया में जारी ईरान-इजरायल-अमेरिका संघर्ष के चलते शेयर बाजार में गिरावट के बीच निवेशक सोना और चांदी जैसे सुरक्षित विकल्पों की ओर रुख कर रहे हैं। यही कारण है कि बुधवार के शुरुआती कारोबारी सत्र में मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोने की कीमतों में 1 प्रतिशत से ज्यादा की तेजी देखने को मिली, तो वहीं चांदी में 2 प्रतिशत से ज्यादा की उछाल दर्ज की गई। 
एमसीएक्स पर अप्रैल डिलीवरी वाला गोल्ड फ्यूचर्स 1.44 प्रतिशत यानी 2,324 रुपए बढ़कर 1,63,432 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। वहीं, मई डिलीवरी वाला सिल्वर फ्यूचर्स 2.65 प्रतिशत यानी 7,021 रुपए चढ़कर 2,72,339 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया।
हालांकि इससे पहले वाले सत्र में सोने और चांदी में भारी गिरावट आई थी। अप्रैल गोल्ड फ्यूचर्स 3 प्रतिशत गिरकर 1,61,108 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था, जबकि मई सिल्वर फ्यूचर्स लगभग 5 प्रतिशत टूटकर 2,65,318 रुपए प्रति किलोग्राम पर बंद हुआ। इसकी वजह डॉलर इंडेक्स में मजबूती और अमेरिकी 10 साल के बॉन्ड यील्ड में उछाल रही।
डॉलर इंडेक्स बढ़कर कई महीनों के उच्च स्तर 99.33 पर पहुंच गया, जबकि अमेरिकी 10 साल के बॉन्ड यील्ड 4 प्रतिशत के पार चला गया। निवेशकों को चिंता है कि ऊर्जा कीमतों में तेजी से महंगाई बढ़ सकती है, जिससे अमेरिकी फेडरल रिजर्व को ब्याज दरें ऊंची रखने या बढ़ाने पर मजबूर होना पड़ सकता है।
पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान के बीच संघर्ष कम होने के संकेत नहीं दिख रहे हैं। ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या के बाद मिसाइल हमलों का सिलसिला जारी है। इजरायल ने मंगलवार को तेहरान और बेरूत में नए हमले करने का दावा किया। वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि युद्ध चार से पांच हफ्तों तक चल सकता है, लेकिन जरूरत पड़ी तो वह इससे ज्यादा समय तक भी जारी रह सकता है।
विशेषज्ञों का मानना है कि कीमती धातुओं का लंबी अवधि का रुझान मजबूत बना हुआ है, लेकिन फिलहाल बाजार में स्थिरता का इंतजार करना बेहतर होगा।
एक विशेषज्ञ ने बताया कि आज के सत्र में सोना और चांदी में नई पोजिशन लेने से बचना चाहिए और बाजार में कुछ स्थिरता आने का इंतजार करना चाहिए।
एक्सपर्ट के अनुसार, एमसीएक्स पर सोने को 1,59,100-1,57,700 रुपए पर सपोर्ट और 1,63,500-1,65,800 रुपए पर रेजिस्टेंस है। वहीं चांदी के लिए 2,57,700-2,51,500 रुपए सपोर्ट और 2,71,000-2,78,800 रुपए रेजिस्टेंस स्तर बताया गया है।
--आईएएनएस 

[@ 6 साल तक नहीं गया ऑफिस फिर भी मिला बेस्ट अवार्ड क्यों ...]


[@ क्या अब भी रेखा की मांग में है संजय दत्त के नाम का सिंदूर?]


[@ इस आश्रम में 43 वर्षो से जल रही अखंड अग्नि]