मलेशिया व इंडोनेशिया में पाम तेल का उत्पादन घटा, वनस्पति घी तेज
Source : business.khaskhabar.com | Mar 06, 2024 | 
कांडला पोर्ट पर सीपीओ 87.50 रुपए, आरबीडी का भाव 90 रुपए प्रति किलो
जयपुर (रामबाबू सिंघल)। मलेशिया एवं इंडोनेशिया में इन दिनों पाम तेल का उत्पादन निरंतर घटता जा रहा है। लिहाजा क्रूड पाम ऑयल (सीपीओ) भी लगातार महंगा हो रहा है। इसे देखते हुए वनस्पति घी के भाव दिनों दिन उछल रहे हैं। एक सप्ताह के दौरान वनस्पति में करीब तीन रुपए प्रति किलो की तेजी आ चुकी है। मार्च महीने के दौरान में इसमें इतनी ही तेजी और संभावित है।
गौरतलब है कि भारत पाम तेल का बड़ा आयातक है। हमारा देश इंडोनेशिया एवं मलेशिया से हर साल बड़े पैमाने पर पाम तेल का आयात करता है। श्री हरि एग्रो इंडस्ट्रीज लिमिटेड के चीफ मार्केटिंग ऑफिसर शैलेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि इस साल मलेशिया और इंडोनेशिया जैसे पाम तेल उत्पादक देशों द्वारा पाम तेल को ज्यादा से ज्यादा बायो डीजल कन्वर्ट करने की नीतियों के चलते इसके भावों में तेजी कायम रह सकती है।
कांडला पोर्ट पर वर्तमान में सीपीओ का भाव 87.50 रुपए तथा आरबीडी का भाव 90 रुपए प्रति किलो के आसपास चल रहा है। इसमें जीएसटी शामिल नहीं है। यही कारण है कि वनस्पति घी में डिमांड जारी रहने से अशोका वनस्पति के भाव बुधवार को 1490 रुपए प्रति टिन बोले गए।
जानिए, क्या है पाम तेलः पाम तेल एक वनस्पति तेल है, जो खाने योग्य होता है। यह तेल ताड़ के पेड़ के फल से प्राप्त होता है, जो अफ्रीका के मूल निवासी पेड़ की प्रजाति है। आज पाम तेल का उत्पादन इंडोनेशिया और मलेशिया में होता है, जो कि दुनिया की आपूर्ति का 85 फीसदी से अधिक है। इसके अलावा 42 देश ऐसे हैं जो पाम तेल का उत्पादन करते हैं।
पाम तेल मूल्यवान क्यों हैः लगातार बढ़ती वैश्विक आबादी के साथ पाम तेल की मांग लगातार बढ़ रही है। खाना पकाने और भोजन के अलावा ताड़ के तेल का उपयोग कॉस्मेटिक उत्पादों, प्रसाधन सामग्री, शैम्पू और साबुन, बायोडीजल और कई अन्य उत्पादों में किया जाता है। शायद पाम तेल के मूल्य की कुंजी इसकी बहुमुखी प्रतिभा है। यही कारण है कि पाम तेल उद्योग लगातार बढ़ रहा है। चीन और भारत जैसे एशियाई देश पाम तेल के प्रमुख आयातक हैं। जो कि वैश्विक खपत का एक चौथाई हिस्सा है।
[@ यहां "पवित्र" लडकियों को मिलती है स्कॉलरशिप]
[@ महिलाओं की शर्ट के बटन बाई तरफ ही क्यों!]
[@ फिल्म का ट्रेलर ही 7 घंटे का तो पूरी फिल्म....]