ईजीआर को बढ़ावा देने के लिए NSE ने ऑगमोंट को बनाया प्रमुख साझेदार, सोने के डिजिटलीकरण को मिलेगी रफ्तार
Source : business.khaskhabar.com | Sep 26, 2026 | 

बिजनेस डेस्क। मुंबई नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) ने इलेक्ट्रॉनिक गोल्ड रिसीट्स (EGR) को प्रमोट करने और देश के गोल्ड इकोसिस्टम को अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए ऑगमोंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड की सहायक कंपनी 'ऑगमोंट गोल्ड टेक प्राइवेट लिमिटेड' को अपने प्रमुख साझेदार के रूप में पैनल में शामिल किया है। यह रणनीतिक साझेदारी ईजीआर के निर्माण (क्रिएशन) और परिसमापन (एक्सटिंग्विशमेंट) की प्रक्रिया को बेहद सरल और सुगम बनाने के साथ-साथ एक्सचेंज पर इसके व्यापार को रफ्तार देने के उद्देश्य से की गई है।
इस साझेदारी के तहत ऑगमोंट गोल्ड वैल्यू चेन में अपने व्यापक अनुभव का लाभ उठाते हुए डिजिटल ढांचे को बेहतर बनाएगा और ईजीआर उत्पाद के विकास के लिए आवश्यक तकनीकी व जमीनी स्तर पर सहयोग उपलब्ध कराएगा। इस व्यवस्था से एक विनियमित (रेगुलेटेड) तंत्र के भीतर भौतिक सोने (फिजिकल गोल्ड) को आसानी से इलेक्ट्रॉनिक गोल्ड रिसीट्स में और ईजीआर को दोबारा भौतिक सोने में निर्बाध रूप से बदला जा सकेगा।
उल्लेखनीय है कि इलेक्ट्रॉनिक गोल्ड रिसीट्स (EGR) डीमैटरियलाइज्ड प्रतिभूतियां हैं, जो वास्तविक भौतिक सोने के स्वामित्व को दर्शाती हैं। यह सोना सेबी (SEBI) द्वारा मान्यता प्राप्त सुरक्षित वॉल्ट्स में सुरक्षित रखा जाता है और डिपॉजिटरी के जरिए इलेक्ट्रॉनिक रूप में धारित किया जाता है। प्रत्येक ईजीआर के पीछे शत-प्रतिशत भौतिक सोना होता है और इसका एक्सचेंज पर आसानी से कारोबार किया जा सकता है। इससे सोने को औपचारिक वित्तीय प्रणाली के साथ सीधे जोड़ना संभव हो गया है।
साझेदारी पर विचार व्यक्त करते हुए एनएसई के मुख्य व्यवसाय विकास अधिकारी (CBDO) श्रीराम कृष्णन ने कहा कि ऑगमोंट का पैनल में शामिल होना ईजीआर के लिए एक जीवंत और व्यापक बाजार तैयार करने की दिशा में बड़ा कदम है। एनएसई की तकनीक और ऑगमोंट की जमीनी उपस्थिति मिलकर सोने में निवेश को देश भर के निवेशकों के लिए अधिक सुलभ बनाएगी।
वहीं ऑगमोंट एंटरप्राइजेज के पूर्णकालिक निदेशक केतन कोठारी ने कहा कि यह साझेदारी रिफाइनिंग, सोर्सिंग और वितरण के उनके अनुभव तथा एनएसई के आधुनिक मार्केट इन्फ्रास्ट्रक्चर का बेहतर संगम है, जो निवेशकों व ज्वैलर्स दोनों के लिए फिजिकल और इलेक्ट्रॉनिक गोल्ड के आदान-प्रदान को पारदर्शी, तेज और आसान बनाएगी। ईजीआर के माध्यम से छोटे निवेशक भी कम मात्रा में सोने की खरीद-बिक्री कर सकेंगे।
[@ आज के दिन अमिताभ बच्चन को मिला था दूसरा जन्म]
[@ बिना मेकअप चूहे जैसी दिखती है यह अभिनेत्री]
[@ व्यापार में सफलता के अचूक उपाय]