businesskhaskhabar.com

Business News

Home >> Business

सोने और चांदी की कीमतों ने तोड़े सारे रिकॉर्ड, फेड के ब्याज दर कटौती की उम्मीदों से मिला सपोर्ट

Source : business.khaskhabar.com | Dec 24, 2025 | businesskhaskhabar.com Commodity News Rss Feeds
 gold and silver prices broke all records supported by expectations of a fed interest rate cut 778480मुंबई । अमेरिका और वेनेजुएला के बीच बढ़ते तनाव और अमेरिका में अगले साल फेड द्वारा ब्याज दर में कटौती की उम्मीदों के चलते हफ्ते के तीसरे कारोबारी दिन, बुधवार को सोने और चांदी की कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गईं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमत 0.5 प्रतिशत से ज्यादा बढ़कर 4,500 डॉलर प्रति औंस के पार चली गई। 
भारतीय बाजार में एमसीएक्स (मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज) पर फरवरी कॉन्ट्रैक्ट वाले सोने का भाव बढ़कर 1,38,676 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया, जो कि अब तक का सबसे उच्चतम स्तर है। वहीं, मार्च कॉन्ट्रैक्ट वाली चांदी 2 प्रतिशत से ज्यादा बढ़कर 2,24,300 प्रति किलोग्राम के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया।
खबर लिखे जाने तक एमसीएक्स पर सोना 0.45 प्रतिशत यानी 625 रुपए की तेजी के साथ 1,38,510.00 रुपए प्रति 10 ग्राम पर, तो वहीं सिल्वर 4,207 रुपए यानी 1.92 प्रतिशत की शानदार तेजी के साथ 2,23,860.00 रुपए प्रति किलोग्राम पर ट्रेड कर रहा था। पिछले कुछ समय से सोने और चांदी की कीमतों ने लगातार बढ़ोतरी दर्ज की है और एक के बाद एक नया रिकॉर्ड बनाया है।
सत्र के दौरान डॉलर इंडेक्स में करीब 0.20 प्रतिशत की गिरावट आई। डॉलर कमजोर होने से सोना और चांदी विदेशी बाजारों में सस्ते हो गए, जिससे इनकी मांग और बढ़ गई।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के प्राइम रिसर्च के प्रमुख देवर्ष वकील ने कहा कि दुनिया में बढ़ती अनिश्चितता और अमेरिका में ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदों के चलते लोग सुरक्षित निवेश के रूप में सोने और चांदी में निवेश कर रहे हैं। इसी कारण हाजिर सोने ने 4,500 डॉलर प्रति औंस का आंकड़ा पार कर लिया। वहीं चांदी ने भी नया रिकॉर्ड बनाया और अंतरराष्ट्रीय बाजार में 72 डॉलर के पार पहुंच गई।
उन्होंने आगे कहा कि दिसंबर में ही चांदी की कीमतों में करीब 24 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है, जबकि एक साल में यह बढ़त 135 प्रतिशत तक पहुंच गई है, जिसकी वजह मांग ज्यादा और आपूर्ति कम होना है।
घरेलू स्तर पर सोने की कीमतों में इस साल अब तक 76 प्रतिशत से ज्यादा और अंतरराष्ट्रीय बाजार में 70 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़ोतरी हो चुकी है, जो कि 1979 के बाद सबसे अच्छा साल माना जा रहा है।
सोने और चांदी के साथ-साथ प्लेटिनम भी कई दशकों बाद पहली बार 2,300 डॉलर प्रति औंस के ऊपर चला गया, जबकि पैलेडियम की कीमतों में भी बढ़त दर्ज की गई।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस महीने अमेरिकी कोस्ट गार्ड ने प्रतिबंधों के तहत वेनेजुएला का तेल ले जा रहे एक सुपर टैंकर को जब्त कर लिया था। इसके अलावा, वेनेजुएला से जुड़े दो अन्य जहाजों को रोकने की कोशिश भी की गई, जिससे दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ गया।
सोमवार को रूस के एक सेना अधिकारी की बम धमाके में मौत से भी दुनिया में तनाव बढ़ा, जिससे सोना और चांदी जैसी सुरक्षित धातुओं की कीमतों को और सहारा मिला।
एक्सपर्ट्स के अनुसार, सोने को 1,35,550 से 1,34,710 रुपए के बीच सपोर्ट मिल सकता है, जबकि चांदी को सपोर्ट 2,11,150 से 2,10,280 रुपए के बीच है।
केंद्रीय बैंकों द्वारा सोने की ज्यादा खरीदारी, अमेरिकी फेड द्वारा ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदें, अमेरिकी टैरिफ को लेकर चिंता, भू-राजनीतिक तनाव और गोल्ड-सिल्वर ईटीएफ में मजबूत निवेश ने इस वर्ष कीमती धातुओं यानी सोना और चांदी की कीमतों को बढ़ावा दिया।
--आईएएनएस
 

[@ मां-बाप का गाना सुन कोमा से जागी 4साल की बच्ची ]


[@ मस्जिद में सिर्फ महिलाए पढती हैं नमाज,ऎसा क्यों]


[@ खुद को160बार कटवाया जहरीले सांपों से, क्यों!]



Warning: PHP Startup: Unable to load dynamic library '/opt/cpanel/ea-php54/root/usr/lib64/php/modules/xsl.so' - /lib64/libxslt.so.1: symbol xmlGenericErrorContext, version LIBXML2_2.4.30 not defined in file libxml2.so.2 with link time reference in Unknown on line 0