ईवी बाज़ार में टाटा की बादशाहत को चुनौती : महिंद्रा और MG ने छीना 53 प्रतिशत मार्केट शेयर
Source : business.khaskhabar.com | July 03, 2025 | 
जयपुर। भारत का इलेक्ट्रिक वाहन (EV) बाज़ार एक निर्णायक मोड़ पर खड़ा है। इस सेगमेंट में कभी निर्विवाद नेता रही टाटा मोटर्स को अब महिंद्रा (Mahindra) और एमजी मोटर (MG Motor) जैसी कंपनियों से कड़ी चुनौती मिल रही है।
जून 2025 में जारी आंकड़ों से यह स्पष्ट हो गया है कि ईवी बाज़ार में अब तीन प्रमुख खिलाड़ी आमने-सामने हैं, और टाटा का दबदबा अब पहले जैसा नहीं रहा है।
जून 2025 में, देश भर में कुल 13,033 इलेक्ट्रिक कारें रजिस्टर की गईं, जो पिछले साल जून 2024 की तुलना में 78% अधिक है। यह संख्या भले ही कुल पैसेंजर वाहनों का केवल 4% हिस्सा हो, लेकिन यह ईवी की बढ़ती स्वीकार्यता को साफ दर्शाती है। इस वृद्धि में सबसे बड़ी खबर यह रही कि महिंद्रा और एमजी मोटर ने मिलकर 53% बाज़ार हिस्सेदारी हासिल कर ली है, जो पहले टाटा के पास थी।
टाटा मोटर्स का खिसकता दबदबाः टाटा मोटर्स अभी भी ईवी सेगमेंट में सबसे अधिक गाड़ियां बेच रही है, लेकिन उसकी बाज़ार हिस्सेदारी जून 2024 के 62.7% से गिरकर जून 2025 में मात्र 35.8% रह गई है। टाटा की जून 2025 में कुल 4,664 यूनिट्स की बिक्री हुई, जिसमें केवल 2% की साल-दर-साल (YoY) वृद्धि दर्ज की गई। पंच ईवी (Punch EV), कर्व ईवी (Curvv EV) और हैरियर ईवी (Harrier EV) जैसे नए मॉडल होने के बावजूद, टाटा का ग्रोथ मोमेंटम धीमा होता नज़र आ रहा है। यह संकेत देता है कि टाटा को अब न केवल इनोवेशन पर, बल्कि अपनी बाज़ार रणनीति पर भी फिर से ध्यान देना होगा।
MG मोटर आक्रामक रफ्तार में बढ़ता खिलाड़ीः एमजी मोटर इंडिया (MG Motor India) ने जून 2025 में 3,945 यूनिट्स की बिक्री की, जो YoY आधार पर 167% की शानदार ग्रोथ दर्शाती है। कंपनी की बाज़ार हिस्सेदारी 30.3% तक पहुंच गई है। एमजी की नई विंडसर इलेक्ट्रिक एसयूवी (Windsor Electric SUV) को शहरी ग्राहकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है। ZS EV और कॉमेट के बाद, विंडसर ने एमजी को टाटा के बेहद करीब पहुंचा दिया है। इस तेजी से बढ़ती सफलता को देखकर साफ है कि एमजी ईवी सेगमेंट में अब एक बड़ी ताकत बन चुकी है।
महिंद्रा एसयूवी किंग अब ईवी सेगमेंट में भी दहाड़ रहाः एसयूवी सेगमेंट में पहले से ही मजबूत पकड़ रखने वाली महिंद्रा (Mahindra) ने ईवी सेगमेंट में भी दमदार एंट्री की है। जून 2025 में कंपनी की ईवी बिक्री 2,979 यूनिट्स रही, जिसमें 512% की बेमिसाल YoY ग्रोथ दर्ज की गई। कंपनी की बाज़ार हिस्सेदारी अब 22.9% तक पहुंच गई है। महिंद्रा BE 6 और XEV 9e जैसे मॉडल्स ने लोगों को आकर्षित किया है। आधुनिक टेक्नोलॉजी, दमदार लुक और परफॉरमेंस के चलते महिंद्रा तेजी से ईवी ग्राहकों की पहली पसंद बनती जा रही है।
अन्य कंपनियों का प्रदर्शन और लक्जरी सेगमेंटः हुंडई (Hyundai) ने जून 2025 में 509 इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री की, जो पिछले वर्ष की तुलना में 708% की जबरदस्त ग्रोथ दर्शाती है। बीवाईडी (BYD) ने 461 यूनिट्स के साथ 90% की सालाना ग्रोथ दर्ज की। हालांकि किआ (Kia) की बिक्री 41 यूनिट्स रही, जिसमें 156% की वृद्धि दर्ज की गई। इसके विपरीत, सिट्रोएन (Citroen) को तगड़ा झटका लगा है, जिसकी बिक्री मात्र 80 यूनिट्स पर सिमट गई और इसमें -66% की गिरावट देखी गई।
लक्जरी ईवी सेगमेंट में बीएमडब्ल्यू (BMW) ने अपनी पकड़ और मजबूत की है, जिसने जून 2025 में 212 यूनिट्स की बिक्री के साथ 272% की YoY ग्रोथ दर्ज की। मर्सिडीज (Mercedes) ने भी 91 यूनिट्स के साथ अच्छी प्रगति की। हालांकि, वोल्वो (Volvo) और ऑडी (Audi) का प्रदर्शन उम्मीद से काफी नीचे रहा, जो दर्शाता है कि इन दोनों ब्रांडों को भारतीय बाज़ार में उपयुक्त ग्राहक आधार नहीं मिल सका है।
[@ ... तो ऎसा करने से भैंस देगी अधिक दूध]
[@ वास्तु : इस रंग की कुर्सी पर बैठें, नहीं आएगी धन की कमी]
[@ इस मंत्र से पूजें गणेश,बन जाएंगे बिगडे काम]