भारत का निर्यात 20.19 फीसदी घटा
Source : business.khaskhabar.com | Jun 16, 2015 | 

नई दिल्ली। भारत का निर्यात लगातार छठे महीने गिरावट का रूख बरकरार रखते हुए मई माह में 20.19 फीसदी घटकर 22.34 अरब डॉलर रह गया। निर्यात में गिरावट मुख्य तौर पर वैश्विक नरमी, कच्चे तेल में गिरावट और रूपए में तेजी के मद्देनजर हुई। मई 2014 में देश का वस्तु निर्यात 27.99 अरब डॉलर रहा। गौरतलब है कि इससे पहले निर्यात नवंबर 2014 में बढा था जबकि इसमें 7.27 फीसदी वृद्धि दर्ज हुई थी। पेट्रोलियम उत्पाद, रत्न एवं जेवरात, इंजीनियरिंग और रसायन समेत प्रमुख निर्यात क्षेत्रों में संकुचन हुआ।
वाणिज्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकडों के मुताबिक समीक्षाधीन अवधि में आयात भी 16.52 फीसदी घटकर 32.75 अरब डॉलर रह गया। मई माह में व्यापार घाटा कम होकर 10.4 अरब डॉलर रह गया जो मई 2014 में 11.23 अरब डॉलर था। पेट्रोलियम आयात मई में 40.97 फीसदी गिरकर 8.53 अरब डॉलर रह गया। गैर-पेट्रोलियम आयात भी 2.24 फीसदी गिरकर 24.21 अरब डॉलर पर आ गया। हालांकि सोने का आयात मई महीने में 10.47 फीसदी बढकर 2.42 अरब डॉलर हो गया।
अप्रैल-मई 2015 में निर्यात 17.21 फीसदी गिरकर 44.4 अरब डॉलर पर आ गया। आयात भी 12.2 प्रतिशत घटकर 65.8 अरब डॉलर रहा जिससे चालू वित्त वर्ष के पहले दो माह में व्यापार घाटा कम होकर 21.39 अरब डॉलर रह गया। मार्च में देश का निर्यात 21 फीसदी घटा था जो पिछले छह महीने की सबसे बडी गिरावट थी। भारत 2014-15 के लिए तय 340 अरब डॉलर के निर्यात लक्ष्य से चूक गया। पिछले वित्त वर्ष के दौरान निर्यात 310.5 अरब डॉलर था।