भारत में म्यांमार से आयात हो रहा 80 प्रतिशत उड़द
Source : business.khaskhabar.com | Oct 30, 2025 | 
-निरंतर सप्लाई होने से घरेलू मंडियों में बढ़ रही उपलब्धता, तेजी नहीं
जयपुर। वर्तमान में उड़द का कारोबार पूरी तरह म्यांमार एवं ब्राजील से आयात पर टिका हुआ है। उड़द की घरेलू फसल दागी होने से दाल मिलों में इसकी डिमांड नहीं के बराबर है। ध्यान रहे भारत में 80 फीसदी उड़द म्यांमार से आता है। चैन्नई पोर्ट पर आयातित सुपर क्वालिटी उड़द गुरुवार को 7400 रुपए प्रति क्विंटल बिकने के समाचार हैं। जबकि उड़द की एफए क्वालिटी चैन्नई में 6725 रुपए प्रति क्विंटल बोली जा रही है। जयपुर मंडी में एवरेज क्वालिटी का उड़द 7000 रुपए प्रति क्विंटल के आसपास बेचा जा रहा है। स्थानीय चांदपोल मंडी स्थित जैन सीड सप्लायर के प्रद्दुम्न कुमार ने बताया कि वर्तमान में उड़द का व्यापार देश की लोकल फसल पर नहीं, बल्कि आयातित फसल पर निर्भर है। उन्होंने कहा कि म्यांमार और ब्राजील से निरंतर सप्लाई आने के कारण घरेलू मंडियों में उड़द की उपलब्धता बनी हुई है। परिणामस्वरूप उड़द एवं इसकी दाल में अपेक्षित तेजी नहीं आ सकी है। इस बीच उत्तर प्रदेश की चंदौसी और सहारनपुर मंडियों में नए उड़द की आवक शुरू हो गई है। इस बार चंदौसी में उड़द की बिजाई पहले की तुलना में 25 प्रतिशत अधिक हुई है। मगर सहारनपुर मंडी में बारिश के चलते 50 फीसदी फसल को नुकसान पहुंचा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में म्यांमार उड़द एफएक्यू का सीएनफ भाव 765 डॉलर प्रति टन और एसक्यू वैरायटी का भाव 835 डॉलर प्रति टन रहा, जो कि लगभग एक सप्ताह पहले के ही समान है। ब्राजील ग्रेड-1 उड़द 890 डॉलर प्रति टन पर स्थिरता लिए हुए थी।
[@ 5 अनोखे होम टिप्स से पाएं खूबसूरत त्वचा
]
[@ कछुआ से लाए घर में ढेर सारी सुख और समृद्धि]
[@ एक बार फिर तैयार है टाइटैनिक, जानिए कैसे]