businesskhaskhabar.com

Business News

Home >> Business

भारत पर 25 प्रतिशत टैरिफ लगाने की तैयारी में अमेरिका, सरकार भी लगाए जवाबी टैरिफ : सीटीआई

Source : business.khaskhabar.com | Nov 26, 2026 | businesskhaskhabar.com Business News Rss Feeds
 us preparing to impose 25 percent tariff on india government should also impose retaliatory tariff cti 863439
नई दिल्ली । अमेरिकी मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, अमेरिका भारत से आयात होने वाले उत्पादों पर 25 प्रतिशत तक टैरिफ लगाने की तैयारी कर रहा है। वहीं, यदि भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौता (ट्रेड डील) हो जाता है, तो यह शुल्क घटकर 17 प्रतिशत रह सकता है। इस कदम को लेकर दिल्ली और देश में व्यापारियों और उद्यमियों के शीर्ष संगठन चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (सीटीआई) ने कड़ी प्रतिक्रिया जताई है। सीटीआई अध्यक्ष बृजेश गोयल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर इस मुद्दे पर चिंता जताई है। 
बृजेश गोयल ने कहा कि अमेरिका के 25 प्रतिशत टैरिफ का भारत के टेक्सटाइल, लेदर, जेम्स एंड ज्वेलरी, ऑटो कंपोनेंट, केमिकल, फार्मा, सीफूड, इलेक्ट्रॉनिक्स, पर्ल आदि सेक्टरों पर बहुत बुरा असर पड़ेगा और इससे देश में 5 लाख लोगों के रोजगार पर संकट पैदा हो सकता है।


बृजेश गोयल ने बताया कि बढ़े हुए टैरिफ के चलते दूसरे देशों के मुकाबले भारतीय सामान अमेरिका में 25 प्रतिशत तक महंगा हो जाएगा, जिसके कारण वहां के खरीदार दूसरे देशों को तवज्जो देंगे।


सीटीआई चेयरमैन के मुताबिक, 48 अरब डॉलर से ज्यादा का भारतीय निर्यात इससे प्रभावित हो सकता है। सीटीआई महासचिव रमेश आहूजा एवं गुरमीत अरोड़ा और उपाध्यक्ष राहुल अदलखा के मुताबिक, भारत अमेरिका को 53 प्रतिशत फार्मास्युटिकल, 53 प्रतिशत वस्त्र एवं परिधान, 37 प्रतिशत रत्न और आभूषण, 28 प्रतिशत ऑटो कंपोनेंट, 13 प्रतिशत केमिकल, 22 प्रतिशत सीफूड आदि का निर्यात करता है।


व्यापारी समुदाय के बीच सबसे बड़ा संशय इस बात को लेकर है कि जिन कंपनियों को पहले ही ऑर्डर मिल चुके हैं या जिनका माल भारत से रवाना हो चुका है और अभी रास्ते में है, उन पर प्रस्तावित टैरिफ नियम किस प्रकार लागू होंगे। 


सीटीआई के मुताबिक, भारत ने 2024 में अमेरिका को 1.7 लाख करोड़ रुपए के इंजीनियरिंग गुड्स निर्यात किए थे, जिसमें स्टील प्रॉडक्ट्स, मशीनरी, ऑटोमोबाइल पार्ट्स आदि शामिल होते हैं। अभी इन माल पर 10 प्रतिशत टैरिफ लगता था।


ऐसे में अगर कोई सामान 100 डॉलर का है तो वह अमेरिका में 110 डॉलर का बिकता था। अब 25 प्रतिशत के टैरिफ के बाद यह माल वहां 125 डॉलर में बिकेगा, जिसकी वजह से इन वस्तुओं के निर्यात में 20-25 प्रतिशत की कमी आ सकती है।


इसी तरह जेम्स एंड ज्वेलरी पर भी पहले 10 प्रतिशत टैरिफ था, जिसका भारत ने पिछले साल 90 हजार करोड़ रुपए का निर्यात किया था। वहीं, टेक्सटाइल पर भी 10 प्रतिशत टैरिफ ही था। अब 25 प्रतिशत टैरिफ लगाने के बाद कारोबार बहुत मुश्किल हो जाएगा, क्योंकि जो माल 100 डॉलर में वहां बिक रहा था, वह अब 125 डॉलर में बिकेगा।


इसके साथ ही भारत ने अमेरिका को पिछले साल इलेक्ट्रॉनिक्स गुड्स में 1.25 लाख करोड़ रुपए का निर्यात किया था, अभी इस पर 0.41 प्रतिशत का टैरिफ लगता था। ऐसे में 100 डॉलर वाला स्मार्टफोन 100.41 डॉलर का पड़ता था, अब नए टैरिफ के हिसाब से यही 125 डॉलर का पड़ेगा। ऐसे में इलेक्ट्रॉनिक कंपनियों का व्यापार भी प्रभावित होगा।


इसके अलावा, फार्मा सेक्टर में 92 हजार करोड़ रुपए की दवाइयों का निर्यात किया गया था, इस पर 0 प्रतिशत टैरिफ था, लेकिन अब 25 प्रतिशत टैरिफ लगाने से यही 100 डॉलर की दवा 125 डॉलर हो जाएगी। कई बड़ी कंपनियां अमेरिका को सामान भेजती हैं, ऐसे में लाखों नौकरियां खतरे में पड़ सकती हैं।


बृजेश गोयल ने बताया कि आज हमने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर मांग की है कि जर्मनी, ब्रिटेन, सिंगापुर, मलेशिया जैसे देशों में इंजीनियरिंग गुड्स की डिमांड बढ़ती जा रही है, ऐसे में भारत को इन देशों में माल बेचने के लिए विकल्प तलाशने चाहिए।


इसके साथ ही उन्होंने कहा कि भारत को भी इस धमकी से डरने की जरूरत नहीं है। मिनरल्स, महंगे रत्न, आभूषण, सिक्के, मेटल्स, न्यूक्लियर रिएक्टर्स और हवाई जहाज के उपकरण, इलेक्ट्रिकल उपकरण, ऑप्टिकल उपकरण, प्लास्टिक, केमिकल, नट्स-ड्राईफ्रूट्स, आयरन, स्टील आदि सामान बड़े स्तर पर अमेरिका से भारत आता है। भारत को इन सब चीजों में अमेरिका की निर्भरता कम करनी चाहिए और दूसरे देशों के विकल्प तलाशने चाहिए।


अगर अमेरिका भारत पर 25 प्रतिशत टैरिफ लगाता है तो भारत को भी अमेरिका पर 25 प्रतिशत जवाबी टैरिफ लगाना चाहिए, क्योंकि अमेरिका को सबक सिखाना बहुत जरूरी है।


--आईएएनएस

[@ क्या आप जानते है खांसी का इलाज है चॉकलेट!]


[@ सेल्फ़ी का ऎसा पागलपन देख दंग रह जाएंगे...]


[@ Pics: एलियंस से संबंध, 13 बच्चों को दिया जन्म]



Warning: PHP Startup: Unable to load dynamic library '/opt/cpanel/ea-php54/root/usr/lib64/php/modules/xsl.so' - /lib64/libxslt.so.1: symbol xmlGenericErrorContext, version LIBXML2_2.4.30 not defined in file libxml2.so.2 with link time reference in Unknown on line 0