सोना गिरा, चांदी भी लुढक पडी
Source : business.khaskhabar.com | May 31, 2014 | 

नई दिल्ली। विदेशी बाजारों में पीली धातु की चमक फीकी प़डने और घरेलू स्तर पर सुस्त ग्राहकी से शनिवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 100 रूपए फिसलकर 27400 रूपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। औद्योगिक मांग कमजोर पडने से चांदी 300 रूपए लुढककर 40350 रूपए प्रति किलोग्राम बोली गई।
लंदन से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार को सोना हाजिर कारोबार की शुरूआत में 1250.20 डॉलर प्रति औंस के स्तर तक गिरने के बाद 0.3 प्रतिशत उतरकर चार महीने के न्यूनतम स्तर 1251.25 डॉलर प्रति औंस रहा।
इसके साथ ही अमेरिकी सोना वायदा भी 5.70 डालर गिरकर 1251.40 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस दौरान चांदी भी 0.3 प्रतिशत उतरकर 18.9 डॉलर प्रति औंस रही। घरेलू स्तर पर कीमती धातु में लगातार जारी गिरावट को देखते हुए इसके और सस्ता होने की उम्मीद में ग्राहकी नगण्य रहने से सोने पर दबाव बना है।
सोना स्टैंडर्ड 100 रूपए गिरकर 27400 रूपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। हालांकि इस दौरान गिन्नी में कोई बदलाव नहीं हुआ। औद्योगिक मांग कमजोर पडने से चांदी हाजिर 350 रूपए की गिरावट के साथ 40350 रूपए प्रति किलो रही। इसके साथ ही चांदी वायदा भी 460 रूपए उतरकर 39590 रूपए प्रति किलो बोली गई। सिक्का लिवाली और बिकवाली गत कारोबारी दिवस के 77 हजार और 78 हजार प्रति सैंकडा के स्तर पर टिके रहे।