फोर्ब्स:अरबपतियों की सूची में फिर बिल गेट्स शीर्ष पर
Source : business.khaskhabar.com | Mar 03, 2014 | 

लंदन। फोर्ब्स पत्रिका की सालाना ग्लोबल बिलिनेयर (वैश्विक अरबपतियों) की सूची में एक बार फिर अमेरिकी उद्योगपति,सॉफ्टवेयर कंपनी माइक्रोसॉफ्ट के संस्थापक बिल गेट्स शीर्ष पर आ गए हैं। फोर्ब्स ने बताया कि पिछले 20 सालों में गेट्स सर्वाधिक 15 बार दुनिया के सबसे अमीर आदमी चुने जा चुके हैं।
पत्रिका ने इस साल बिल गेट्स की कुल संपत्ति को 76 अरब डॉलर का आंका है, साल 2013 में उनकी संपत्ति 67 अरब डॉलर आंकी गई थी, वो चार सालों बाद दुनिया के सबसे अमीर अरबपति माने गए हैं। गेट्स ने मैक्सिको के टेलीकॉम सेक्टर के उद्योगपति कार्लोस स्लिम को दूसरे स्थान पर धकेल दिया। फोर्ब्स के अनुसार इस समय दुनिया में 1,645 अरबपति हैं। यह अपने आप में एक कीर्तिमान है।
फोर्ब्स की इस सूची में शीर्ष 50 अमीरों में एकमात्र भारतीय हैं मुकेश अंबानी, कुल 18 अरब 60 करोड डॉलर की संपत्ति के साथ मुकेश इस सूची में 40वें स्थान पर हैं। फोर्ब्स ने बताया कि इस साल की सूची में शीर्ष 20 अमीरों में वही लोग स्थान बना सके जिनकी संपत्ति 31 अरब डॉलर या उससे Êयादा है जबकि पिछले साल शीर्ष 20 में शामिल होने के लिए 23 अरब डॉलर की संपत्ति पर्याप्त थी। इस साल की अमीरों की सूची में तकनीकी क्षेत्र की कंपनियों के मालिकों का दबदबा रहा।
सबसे अधिक मुनाफा कमाने के मामले में सबसे आगे रहे सोशल मीडिया क्षेत्र की अग्रणी कंपनी फेसबुक के संस्थापक मार्क जुकरबर्ग। उनकी संपत्ति(28 अरब 50 करोड डॉलर) पिछले साल से लगभग दोगुनी हो गई है। फेसबुक के संस्थापक मार्क जुकरबर्ग की संपत्ति में सबसे ज्यादा वृद्धि हुई है। फेसबुक के सीईओ शेरिल सैंडबर्ग भी इस सूची में पहली बार शामिल हैं। वॉट्स-ऎप के संस्थापक जैन कुआम और ब्रायन एक्टन का नाम भी इस सूची में आया है। वे दोनों क्रमश: 202वें और 551वें स्थान पर हैं। फ़ेसबुक ने हाल ही में वॉट्स-ऎप को 19 अरब डॉलर में खरीदा था। सूची में सबसे ज्यादा 492 अरबपति अमेरिका के हैं। इसके बाद सबसे अधिक कुल 468 अरबपति यूरोप के हैं। एशिया के कुल 444 अरबपतियों को इस सूची में जगह मिली है।