businesskhaskhabar.com

Business News

Home >> Business

रेडिको खेतान के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर अमर सिन्हा ने दिया इस्तीफा

Source : business.khaskhabar.com | Feb 19, 2026 | businesskhaskhabar.com Business News Rss Feeds
 amar sinha chief operating officer of radico khaitan resigns 793078नई दिल्ली । शराब निर्माता कंपनी रेडिको खेतान के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर अमर सिन्हा ने निजी कारणों से अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने एलाइड ब्लेंडर्स एंड डिस्टिलर्स में नए मैनेजिंग डायरेक्टर के रूप में कार्यभार ग्रहण किया है। 
सिन्हा इससे पहले बीडीए (अब एलाइड ब्लेंडर्स एंड डिस्टिलर्स लिमिटेड) के कार्यकारी निदेशक और सीईओ के रूप में कार्य कर चुके हैं।
उन्होंने अपने त्यागपत्र में कहा, "निजी कारणों से मैं रेडिको खेतान लिमिटेड के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर के पद से इस्तीफा दे रहा हूं। मैं 31 मार्च तक अपने दायित्वों से मुक्त होना चाहता हूं।"
सिन्हा ने मार्च 2017 में रेडिको खेतान में चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर के रूप में कार्यभार संभाला था। उन्होंने कहा, "इस पद पर सेवा करना और कंपनी की विकास यात्रा में योगदान देना मेरे लिए सौभाग्य की बात रही है। मैं इस अवसर पर अपने कार्यकाल के दौरान बोर्ड और संगठन भर में अपने सहयोगियों के समर्थन, सहयोग और विश्वास के लिए हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं।"
पिछले साल मई में रेडिको खेतान ने अपने नवनिर्मित व्हिस्की ब्रांड 'त्रिकाल' को वापस लेने की घोषणा की थी, क्योंकि ब्रांड के नाम और छवि को लेकर गंभीर विरोध का सामना करना पड़ा था, जिसके बारे में कई लोगों का दावा था कि इससे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है।
कंपनी ने आईएएनएस के साथ साझा किए गए आधिकारिक बयान में कहा था कि वह भारतीय नागरिकों की आवाज का सम्मान करती है और एक जिम्मेदार संगठन के रूप में आंतरिक समीक्षा के बाद ब्रांड को बंद करने का विकल्प चुना है।
कंपनी ने कहा, "त्रिकाल सिर्फ एक नाम नहीं था। इसका उद्देश्य भारत की शाश्वत भावना को श्रद्धांजलि देना था और यह भी बताना था कि यह शब्द संस्कृत से आया है और अतीत, वर्तमान और भविष्य को संदर्भित करता है।
ब्रांड की नीले रंग की बोतल के लेबल पर बंद आंखों वाले चेहरे का एक सरल रेखाचित्र बना हुआ था और माथे पर एक गोलाकार निशान था, जिसके बारे में आलोचकों ने कहा कि यह भगवान शिव की तीसरी आंख जैसा दिखता है।
8पीएम, मैजिक मोमेंट और रामपुर इंडियन सिंगल माल्‍ट जैसे लोकप्रिय ब्रांडों के लिए मशहूर रेडिको खेतान ने 'त्रिकाल' को अपनी प्रीमियम रणनीति के तहत पेश किया, जिसकी कीमत 3,500 रुपए से 4,500 रुपए के बीच है।
--आईएएनएस
 

[@ दही से पाएं नर्म मुलायम त्वचा]


[@ क्या आप जानते है खांसी का इलाज है चॉकलेट!]


[@ इस बकरी का स्टंट देख दंग रह जाएंगे आप ]