चांदी ने बढाई इन महिला नेताओं की संपत्ति
Source : business.khaskhabar.com | Apr 14, 2014 | 

नई दिल्ली। लोकसभा चुनावों में सोनिया गांधी और सुषमा स्वराज जैसी प्रमुख महिलाओं सहित कई महिला नेताओं द्वारा घोषित संपत्ति में चांदी ने उनकी दौलत की चकाचौंध और बढा दी। चांदी के दाम बढने से उनकी संपत्ति का मूल्य भी बढ गया। गरीबों का सोना कहे जाने वाले चांदी की कीमत विगत पांच वर्ष में लगभग दोगुनी होकर मौजूदा समय में करीब 43,000 रूपए प्रति किलो पर है। लोकसभा चुनाव लड रहे कुछ प्रमुख उम्मीदवारों द्वारा दाखिल हलफनामों के विश्लेषण में इस बात का खुलासा हुआ है कि कई उम्मीदवारों के पास चांदी के आभूषण और दूसरा सामान है। बाजार में दाम बढने पर इनका मूल्य भी बढा है।
इनमें से अधिकांश मामलों में नेताओं के पास जो चांदी जमा है वह पैतृक संपत्ति का हिस्सा हैं। रायबरेली से चुनाव लड रहीं कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के पास रखी चांदी की कीमत पिछले पांच साल में करीब 21 लाख रूपए बढी हैं।
चुनावी हलफनामे के अनुसार उनके पास 88 किलो चांदी है और इसकी कीमत इस साल बढकर 39.16 लाख रूपए हो गई। वर्ष 2009 में इसका दाम 18.37 लाख रूपए था हालांकि, इस दौरान चांदी की मात्रा में कोई बदलाव नहीं आया। सिने अभिनेत्री जयाप्रदा नाहटा, जो राष्ट्रीय लोकदल के टिकट से उत्तर प्रदेश से चुनाव लड रही हैं, ने अपने पास 1.5 किलो चांदी बताई है उसकी कीमत 69,000 रूपए हो गई। वर्ष 2009 में इस चांदी की कीमत 30,000 रूपए थी। इस प्रकार चांदी का दाम बढने से उम्मीदवारों की संपत्ति भी बढी है। कांग्रेस नेता चंद्रेश कुमारी कटोच, जो राजस्थान से चुनाव लड रही हैं, के चांदी की कीमत दोगुने से भी अधिक होकर 13.5 लाख रूपए हो गई। वर्ष 2009 और वर्ष 2014 में उनके पास 30 किलो चांदी की मात्रा यथावत रही लेकिन इसका मूल्य बढ गया। भाजपा की वरिष्ठ नेता सुषमा स्वराज के बारे में माना जाता है कि चांदी उन्हें काफी पसंद है।
ताजा हलफनामे के अनुसार उनके पास 5.5 किलो चांदी है जो अब करीब 2.36 लाख रूपए की है जबकि उनके पास वर्ष 2009 में करीब 400 ग्राम चांदी थी। कांग्रेस की गिरिजा व्यास के पास 2.5 किलो चांदी है। इसकी कीमत 1.15 लाख रूपए हो गई। केन्द्रीय मंत्री और कांग्रेस सदस्य परणीत कौर ने 2014 के अपने हलफनामे में 3 लाख रूपए की चांदी होने की बात कही है। राकांपा नेता और केन्द्रीय मंत्री शरद पवार की पुत्री सुप्रिया सुले के पास 4.3 लाख रूपए की चांदी है।
कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने 1.36 लाख रूपए की चांदी होने का खुलासा किया है। चुनाव लड रहीं केवल महिला उम्मीदवार ही नहीं बल्कि पुरूष उम्मीदवार की पत्नियों के पास भी काफी मात्रा में चांदी है। भाजपा से निष्कासित नेता जसवंत सिंह की पत्नी के पास सात किलो चांदी के आभूषण एवं विभिन्न सामग्रियां हैं जिनकी कीमत विगत पांच वषोंü में दोगुने से भी अधिक होकर 32 लाख रूपए हो गई।