businesskhaskhabar.com

Business News

Home >> Business

स्पेसएक्स की तीसरी तिमाही की आय में 161 प्रतिशत का उछाल, एलन मस्क ने 2028 तक 1 ट्रिलियन डॉलर राजस्व का रखा लक्ष्य

Source : business.khaskhabar.com | Oct 21, 2026 | businesskhaskhabar.com Market News Rss Feeds
 spacexs q3 revenue surges 161 elon musk sets $1 trillion revenue target by 2028 854856
नई दिल्ली । एलन मस्क समर्थित स्पेसएक्स ने अपनी तीसरी तिमाही (क्यू3) के नतीजे जारी करते हुए शानदार प्रदर्शन दर्ज किया है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) व्यवसाय में तेज वृद्धि और डेटा सेंटर क्षमता की बढ़ती मांग के चलते कंपनी का राजस्व सालाना आधार पर 161 प्रतिशत बढ़कर 14.58 अरब डॉलर पहुंच गया। 
नतीजों के बाद कंपनी के शेयर आफ्टर-आवर्स कारोबार में 8 प्रतिशत से अधिक उछल गए।
कंपनी की एआई इकाई, जिसे अब 'सुपर इंटेलिजेंस' ब्रांड के तहत संचालित किया जा रहा है, ने तिमाही के दौरान 7.56 अरब डॉलर का राजस्व अर्जित किया। यह एक वर्ष पहले की तुलना में लगभग 10 गुना अधिक है।
यह कारोबार एंथ्रोपिक, अल्फाबेट की गूगल और रिफ्लेक्शन एआई जैसी कंपनियों को कंप्यूट इंफ्रास्ट्रक्चर और डेटा सेंटर क्षमता उपलब्ध कराने वाला एक प्रमुख सेवा प्रदाता बनकर उभरा है।
कंपनी का पूंजीगत व्यय (कैपेक्स) भी तेजी से बढ़ा है। एक वर्ष पहले की तुलना में यह लगभग तीन गुना बढ़कर 19.6 अरब डॉलर पर पहुंच गया, क्योंकि कंपनी अपनी कंप्यूटिंग क्षमता का विस्तार कर रही है।
मुख्य वित्तीय अधिकारी ब्रेट जॉनसन ने कहा कि चौथी तिमाही में पूंजीगत व्यय 35 अरब डॉलर से 40 अरब डॉलर के बीच रहने की उम्मीद है।
उन्होंने यह भी कहा कि कंपनी को 2027 की पहली तिमाही में 33 अरब डॉलर से 37 अरब डॉलर के बीच राजस्व की उम्मीद है, जो विश्लेषकों के औसत अनुमान 22.2 अरब डॉलर से काफी अधिक है। इसका कारण कंप्यूट कॉन्ट्रैक्ट्स की मजबूत होती पाइपलाइन है।
इस तिमाही में कंपनी ने 4.4 अरब डॉलर का शुद्ध लाभ (नेट प्रॉफिट) दर्ज किया, जबकि एक वर्ष पहले इसी अवधि में उसे लगभग 1.1 अरब डॉलर का नुकसान हुआ था।
एआई कारोबार भी अब लाभ में आ गया है। एक्सएआई ने इस तिमाही में 43.1 करोड़ डॉलर का शुद्ध लाभ कमाया, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में उसे 1.7 अरब डॉलर का घाटा हुआ था।
स्पेसएक्स के कनेक्टिविटी कारोबार ने भी प्रदर्शन में महत्वपूर्ण योगदान दिया। स्टारलिंक सहित इस सेगमेंट का राजस्व सालाना आधार पर 69 प्रतिशत बढ़कर 5.25 अरब डॉलर हो गया।
वहीं, स्टारलिंक के ग्राहकों की संख्या भी बढ़कर 1.36 करोड़ पहुंच गई, जो एक वर्ष पहले 1.20 करोड़ थी। इससे सैटेलाइट इंटरनेट सेवा की लगातार बढ़ती मांग का संकेत मिलता है।
अर्निंग कॉल के दौरान एलन मस्क ने कहा कि स्पेसएक्स और इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता टेस्ला के बीच विलय एक अच्छा विचार हो सकता है। उन्होंने पुष्टि की कि दोनों कंपनियों में इस प्रस्ताव का मूल्यांकन करने के लिए विशेष समितियां गठित की गई हैं।
मस्क ने यह भी कहा कि एआई इंफ्रास्ट्रक्चर की बढ़ती मांग के कारण कंपनी का वार्षिक आवर्ती राजस्व भविष्य में 500 अरब डॉलर से 1 ट्रिलियन डॉलर के बीच पहुंच सकता है।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "यह सुनने में भले ही अविश्वसनीय लगे, लेकिन 2028 में स्पेसएक्स का 1 ट्रिलियन डॉलर राजस्व हासिल करना अब असंभव नहीं लगता।"
स्पेसएक्स का शेयर मंगलवार को नियमित कारोबार में 147.79 डॉलर पर बंद हुआ था। नतीजों के बाद इसमें 8 प्रतिशत से अधिक की तेजी दर्ज की गई। आफ्टर-आवर्स कारोबार में आई इस तेजी का असर नैस्डैक वायदा बाजार पर भी देखने को मिला, जो प्रौद्योगिकी सूचकांक में कंपनी के बढ़ते महत्व को दर्शाता है।
--आईएएनएस

[@ 6 साल तक नहीं गया ऑफिस फिर भी मिला बेस्ट अवार्ड क्यों ...]


[@ झूठ बोलने से नहीं मिलेगा इन कार्यो का फल]


[@ सजा-ए-मौत से बचने के लिए जेल में हुई प्रेग्नेंट]



Warning: PHP Startup: Unable to load dynamic library '/opt/cpanel/ea-php54/root/usr/lib64/php/modules/xsl.so' - /lib64/libxslt.so.1: symbol xmlGenericErrorContext, version LIBXML2_2.4.30 not defined in file libxml2.so.2 with link time reference in Unknown on line 0