20 साल बाद फिर चलन मे आएगा एक रूपए का नोट
Source : business.khaskhabar.com | Feb 14, 2015 | 

नई दिल्ली। केन्द्र सरकार ने 20 वर्ष बाद फिर से एक रूपए के नोट को छापने का फैसला किया है। करीब दो दशक के अंतराल के बाद रिजर्व बैंक जल्द ही फिर से एक रूपए का नोट चलन में लाएगा। एक रूपए के नोट की छपाई करीब 20 साल पहले बंद कर दी गई थी।
आरबीआई ने एक विज्ञप्ति में कहा, ये करेंसी नोट वैध हैं जैसा कि सिक्का निर्माण अधिनियम, 2011 में प्रावधान है। वर्तमान में चल रहे करेंसी नोट वैध बने रहेंगे। वर्तमान में एक रूपए के सिक्कों की ढलाई की जाती है। नया करेंसी नोट गुलाबी हरा रंग का होगा और इसमें अन्य रंग भी समाहित होंगे। रिजर्व बैंक ने कहा, आरबीआई जल्द ही एक रूपए के करेंसी नोट चलन में लाएगा।
इन नोटों की छपाई भारत सरकार द्वारा की जाएगी। इन नोटों पर वित्त सचिव के हस्ताक्षर होंगे, जबकि अन्य करेंसी नोटों पर आरबीआई गवर्नर के हस्ताक्षर होते हैं। एक रूपए का नोट या सिक्का भारत सरकार द्वारा जारी किया जाता है।
बता दे नवंबर, 1994 में एक रूपए के नोट की छपाई बंद कर दी गई क्योंकि इसकी लागत अधिक थी। वहीं 1995 में दो और पांच रूपए के नोटों की छपाई भी बंद कर दी गई थी और तब से इन मूल्यों के लिए केवल सिक्के जारी किए जा रहे हैं। पुराने नोट अब भी चलन में हैं।