एक सप्ताह में 800 रुपए प्रति क्विंटल महंगी हो गई सरसों
Source : business.khaskhabar.com | Sep 13, 2024 | 
-:एगमार्क सरसों तेल 200 रुपए प्रति टिन उछला, और तेजी के आसार
जयपुर(रामबाबू सिंघल)। बीते महीनों में एमएसपी से नीचे बिकने वाली सरसों सीड अब एमएसपी से करीब 1000 रुपए प्रति क्विंटल ऊपर बिक रही है। जानकारों के अनुसार सरसों में और मजबूती बन सकती है। जयपुर मंडी में शुक्रवार को सरसों 100 रुपए और महंगी हो गई। सरसों मिल डिलीवरी 42 प्रतिशत तेल कंडीशन के भाव शुक्रवार को 6850 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गए। एक सप्ताह के दौरान सरसों में लगभग 800 रुपए प्रति क्विंटल की मजबूती आ चुकी है। समर्थन पाकर एगमार्क सरसों तेल भी एक सप्ताह के अंतराल में लगभग 200 रुपए प्रति टिन महंगा हो गया। सरसों सीड में निरंतर आ रही तेजी से किसानों को राहत मिली है। क्योंकि उन्हें बीते कई माह से सरसों के दाम एमएसपी से भी कम मिल रहे थे। व्यापारियों के मुताबिक राजस्थान की जयपुर मंडी को सरसों की बैंचमार्क मंडी माना जाता है। इस मंडी में सरसों कंडीशन के भाव 6850 रुपए प्रति क्विंटल बोले जा रहे हैं। नई फसल की आवक के समय सरसों के भाव मंडियों में 5000 रुपए प्रति क्विंटल से भी नीचे चले गए थे। मगर इन दिनों नीचे भावों पर मांग बढ़ने से सरसों की कीमतों में तेजी देखने को मिल रही है। इस समय अंतरराष्ट्रीय बाजारों में सरसों खल की डिमांड निकल रही है। ऐसे में सरसों की पेराई के लिए तेल मिलों की मांग मजबूत है। जानकार कहते हैं कि भाव कम मिलने से बीते महीनों में किसानों ने सरसों को रोक लिया था, जिससे मंडियों में सरसों की आवक कमजोर हो गई। इस कारण भी सरसों में तेजी को बल मिला है।
[@ क्या आप जानते है खांसी का इलाज है चॉकलेट!]
[@ ये"सुपर फूड्स"सर्दियों की समस्याएं रखें दूर]
[@ ये जेट साइकिल उडा देगी आपके होश]