एयरलाइंस इंडिगो के बेडे मे शामिल हुआ 100 वां विमान
Source : business.khaskhabar.com | Nov 05, 2014 | 

नई दिल्ली। बजट एयरलाइंस इंडिगो के बेडे में 100वां विमान शामिल हो गया है। इसके साथ ही फ्रांसीसी विनिर्माता को 2005 में एयरबस ए-320 विमान के लिए दिए गए कई ऑर्डरों में से पहला ऑर्डर पूरा हो गया। नया ए-320 विमान मंगलवार की सुबह इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरा। इसके साथ ही इंडिगो अब एयर इंडिया और जेट एयरवेज के साथ आ गई है। इन विमानन कंपनियों के बेडे में भी 100 से अधिक विमान हैं। भारतीय विमानन बाजार में इंडिगो की हिस्सेदारी सबसे अधिक है।
इंडिगो ने हाल ही में 250 एयरबस ए-320 नियो विमानों के ऑर्डर दिया था जो दुनिया का सबसे बडा विमानों का ऑर्डर है। यह ऑर्डर 25.5 अरब डॉलर या 1.55 लाख करोड रूपए का था। इस ऑर्डर को देने के कुछ सप्ताह के बाद पहला ऑर्डर पूरा हुआ है। इंडिगो ने 2011 में 11 अरब डॉलर के 180 ए-320 नियो विमानों का दूसरा ऑर्डर दिया था।
यह उस समय का सबसे बडा ऑर्डर था। गुडगांव की इस एयरलाइंस ने अगस्त, 2006 में परिचालन शुरू किया था। कंपनी ने 2005 में पेरिस विमानन प्रदर्शनी में 100 ए-320 विमानों का पहला ऑर्डर दिया था। सितंबर में इंडिगो की बाजार हिस्सेदारी 32.8 प्रतिशत थी। इंडिगो 542 दैनिक उडानों का परिचालन करती है। वह 36 घरेलू और अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों के लिए उडानों का परिचालन करती है।