businesskhaskhabar.com

Business News

Home >> Business

जनवरी में निर्यात 11.19 फीसदी घटा

Source : business.khaskhabar.com | Feb 14, 2015 | businesskhaskhabar.com Business News Rss Feeds
 Growth in exports shrinks 11.19 per cent in Januaryनई दिल्ली। देश का निर्यात इस साल जनवरी में सालाना आधार पर 11.19 प्रतिशत घटकर 23.88 अरब डॉलर रहा। पिछले ढाई साल में यह सबसे बडी गिरावट है। लेकिन सस्ते तेल आयात के कारण व्यापार घाटा में मामूली रूप से सुधार हुआ। व्यापार घाटा जनवरी, 2015 में 8.32 अरब डालर रहा जबकि पिछले साल इसी महीने में यह 9.45 अरब डॉलर था। पिछले 11 महीने में व्यापार घाटा का यह सबसे न्यूनतम स्तर है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल कीमतों में गिरावट से देश के आयात पर असर पडा जो 11.39 प्रतिशत घटकर 32.2 अरब डॉलर रहा। तेल आयात बिल आलोच्य महीने में 37.46 प्रतिशत घटकर 8.24 अरब डॉलर रहा। इक्रा ने एक बयान में कहा, कच्चे तेल के दाम में गिरावट को देखते हुए व्यापार घाटे में गिरावट उम्मीद के अनुरूप है।
सोने का आयात इस साल जनवरी में 8.13 प्रतिशत बढकर 1.55 अरब डॉलर रहा। जनवरी में निर्यात में गिरावट जुलाई 2012 के बाद सबसे अधिक है। उस समय इसमें 14.8 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई थी। यह लगातार दूसरा महीना है जब निर्यात में गिरावट दर्ज की गई है। निर्यात में गिरावट का एक प्रमुख कारण यूरोपीय तथा जापानी बाजारों से मांग कम होना है। आलोच्य माह में सूती धागा, रसायन, फार्मास्युटिकल्स तथा रत्न एवं आभूषण, चाय, कॉफी, चावल, तंबाकू तथा मसाले जैसे प्रमुख क्षेत्रों से होने वाली निर्यात में गिरावट दर्ज की गई। फियो के अध्यक्ष रफीक अहमद ने कहा, हालांकि अमेरिका में सुधार हो रहा है लेकिन यूरोपीय संघ तथा जापान में कमजोर आर्थिक स्थिति से निर्यात में कमी आई।
सरकार को निर्यात को बढावा देने के लिए सकारात्मक पहल करनी चाहिए और साथ ही यथाशीघ्र विदेश व्यापार नीति लानी चाहिए। चालू वित्त वर्ष में अप्रैल-जनवरी के दौरान निर्यात 2.44 प्रतिशत बढकर 265.03 अरब डालर रहा। इसी अवधि में आयात 2.17 प्रतिशत बढकर 383.41 अरब डालर रहा। इस प्रकार, आलोच्य अवधि में व्यापार घाटा 118.37 अरब डालर रहा।